तीन वोट से जीते महेश मेगोतिया, नीमकाथाना पालिका की कमान कांग्रेस के हाथ

हरीश देवंदा
नीमकाथाना (नवयत्न)। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के महेश मेगोतिया ने भाजपा के रणजीत सिंह मंगवा को तीन मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नगर पालिका में मतदान हुआ। कांग्रेस की ओर से महेश मेगोतिया तथा भाजपा की ओर से रणजीत सिंह मंगवा मैदान में थे। 40 पार्षदों वाली नगर पालिका में कुल 39 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपत्रों की गिनती की गई। उपखंड अधिकारी सुमन सोनम ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी महेश मेगोतिया को 21 मत, जबकि भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह मंगवा को 18 मत प्राप्त हुए। इस तरह महेश मेगोतिया ने तीन मतों के अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव को लेकर नगर पालिका क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही। मतदान के दौरान नगर पालिका परिसर के बाहर पुलिस की चौकस व्यवस्था रही। परिणाम को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता दिखाई दी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित होते ही नगर पालिका के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई और जीत की खुशी जताई गई। 40 पार्षदों वाली नगर पालिका में 39 पार्षदों ने मतदान किया, जबकि एक पार्षद ने मतदान नहीं किया।

You might also like