नगरपालिका में खिला कमल, कांटे की टक्कर में भाजपा के गोपाल मारू बने चेयरमैन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले में जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी गोपाल मारू ने कांग्रेस प्रत्याशी लाभचंद सोनी को महज एक वोट के अंतर से हराकर पालिकाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। गोपाल मारू को कुल 18 मत मिले, जबकि कांग्रेस के लाभचंद सोनी को 17 मत प्राप्त हुए। एक-एक वोट पर टिकी इस सियासी जंग में मतदान से लेकर मतगणना तक नगरपालिका परिसर में जबरदस्त गहमागहमी का माहौल रहा। परिणाम घोषित होने तक मुकाबला पूरी तरह रोमांचक बना रहा। निर्वाचन अधिकारी द्वारा गोपाल मारू की एक वोट से जीत की आधिकारिक घोषणा किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया और नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष गोपाल मारू का स्वागत एवं अभिनंदन किया। गोपाल मारू ने दूसरी बार राजलदेसर नगरपालिका की कमान संभाली है। जीत के बाद उन्होंने राजलदेसर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कस्बे में सीवरेज का कार्य शुरू करवाना, रिंग रोड का निर्माण करवाना और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्माए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ तथा पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में राजलदेसर के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा। चुनाव के दौरान पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि भी पार्षदों के साथ मतदान केंद्र पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी।
उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया आज
नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया मंगलवार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होने के साथ प्रारंभ होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। आवश्यक होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।
कांग्रेस ने कहा-जनादेश सर्वमान्य, विपक्ष की भूमिका निभाएंगे
कांग्रेस प्रत्याशी लाभचंद सोनी ने परिणाम को जनता का जनादेश बताते हुए कहा कि जनता का फैसला सर्वमान्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद मिलकर मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हंसराज पारीक ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड से कस्बे में अच्छे विकास कार्यों की अपेक्षा है। यदि कोई गलत कार्य होता है तो कांग्रेस मजबूती के साथ उसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष कांग्रेस की पहचान और नारा रहा है।

You might also like