नगर पालिका को मिला नया चेयरमैन, कांग्रेस से परवीना ने 25 वोट लेकर रचा नया अध्याय

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस की परवीना बानो ने 5 मतों से जीत दर्ज कर लाडनूं नगर पालिका की नई अध्यक्ष का पद हासिल किया। चेयरमैन पद के लिए यहां भाजपा की निर्मला जांगिड़, कांग्रेस की परवीना और निर्दलीय सुमन कंवर के बीच मुकाबला हुआ। नगर पालिका के सभी 45 नव निर्वाचित पार्षदों ने अध्यक्ष पद के लिए मतदान किया। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी परवीना सिसोदिया को 25 मत, भाजपा प्रत्याशी निर्मला जांगिड़ को 20 वहीं सुमन कंवर को शून्य वोट प्राप्त हुए। इस तरह परवीना को 5 मतों से विजयी घोषित किया गया। चुनाव की पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ एवं एआरओ कुटेंद्र कंवर के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कांग्रेस खेमे में जश्न, विधायक आवास पर उत्साह
परवीना की जीत के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। विधायक मुकेश भाकर और पंचायत समिति प्रधान हनुमान कासनियां ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर डांस भी किया। वहीं डॉ गुलाबनबी सिसोदिया, एडवोकेट आलम अली, नौशाद सिसोदिया ने भी सभी समर्थकों का आभार जताया।
बिना भेदभाव होगा शहर का विकास
नवनिर्वाचित नगर पालिका चेयरमैन परवीना ने जीत के बाद सभी पार्षदों और शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर लाडनूं के विकास के लिए बिना भेदभाव कार्य करेंगी। विधायक मुकेश भाकर ने इस जीत को जनता की जीत बताते हुए कार्यकर्ताओं और पार्षदों का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार और विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा और कांग्रेस के नेतृत्व में नगर पालिका के विकास को लेकर अपनी बात रखी।

You might also like