दो दिवसीय भव्य गोगाजी मेले का समापन
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। निकटवर्ती गांव दिनारपुरा में लोक देवता गोगा जी के दो दिवसीय वार्षिक मेले का रविवार को रंगारंग और भव्य समापन हुआ। 19 और 20 सितंबर को आयोजित इस मेले में गांव सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
मेले के पहले दिन, 19 सितंबर शनिवार की शाम को विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में कलाकारों ने गोगा जी के भजनों और लोकगीतों की ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु जमकर झूमे।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखा जबरदस्त रोमांच
20 सितंबर को मेले के दूसरे दिन विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं और मेले का मुख्य आकर्षण देखने को मिला। कबड्डी प्रतियोगिता रोमांचक फाइनल मुकाबले में सीकर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता सीकर टीम को 11,000 रुपये का नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं दिनारपुरा और जिगर छोटी की टीमें संयुक्त रूप से उपविजेता रहीं, जिन्हें 5,100-5,100 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। माला प्रतियोगिता में पंकज बुखर ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। छोटे बच्चों के लिए रस्साकशी और मेंढक दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाट-बाजार में रही भारी चहल-पहल
मेले के दौरान लगे हाट-बाजार में दिनभर खरीदारी का दौर चला। बच्चों और युवाओं ने खिलौनों, मिठाइयों और झूले का लुत्फ उठाया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
समिति ने जताया आभार
मेले के समापन अवसर पर मेला आयोजन समिति के चंदन सिंह ने बताया कि दो दिवसीय मेले का आयोजन बेहद भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अपार सहयोग और एकता से ही इतने बड़े आयोजन का सफल संचालन संभव हो पाया है। अंत में आयोजन समिति ने मेले को सफल बनाने वाले सभी ग्रामीणों और वॉलनटियर्स का आभार व्यक्त किया।