खेतड़ी नगरपालिका में सजना देवी व सिंघाना नगरपालिका में रचना बनी वाइस चेयरमैन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी नगरपालिका व सिंघाना नगरपालिका में मंगलवार को वाइस चेयरमैन पद पर चुनाव करवाए गए। इस दौरान खेतड़ी नगरपालिका में जीते 25 पार्षदों की ओर से अपने मत का प्रयोग किया गया। वाइस चेयरमैन के लिए वार्ड 4 से पार्षद बनी सजना देवी व वार्ड 13 से पार्षद बनी पुष्पा देवी मैदान में थी। 25 पार्षदों की ओर से अपने मत डाले गए जिसमें सजना देवी को 21 वोट मिले, वही प्रतिद्वंद्वी पुष्पा देवी को 4 ही वोट मिले। मतदान की गणना होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार चौहान ने सजना देवी को विजेता घोषित कर दिया। इसके अलावा सिंघाना नगरपालिका में वार्ड 24 अनिता सैनी व वार्ड 12 से पार्षद बनी रचना पूनिया ने नामांकन दाखिल किया था।
इस दौरान सिंघाना नगरपालिका के निर्वाचित 35 पार्षदों की ओर से मतदान किया गया। मतदान के दौरान रचना पूनिया को 19 तथा अनिता सैनी को 16 वोट मिले। जिस पर मतदान के बाद सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने रचना पूनिया को अपने प्रतिद्वंद्वी से तीन वोट अधिक आने पर विजेता घोषित किया गया। दोनों नगरपालिका में वाइस चेयरमैन बनने पर उनके समर्थकों की ओर से जीत का जश्न मनाया गया। वहीं नगरपालिका परिसर से डीजे के साथ घर तक ले जाया गया। पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। खेतड़ी नगरपालिका में भाजपा की गीता सैनी व सिंघाना नगरपालिका में कांग्रेस की पिंकी सैनी चैयरमेन बनी है।