11 केवी लाइन का तार टूटा, करंट से भैंस की मौत, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के गांव ढोसी में 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे से गुजर रही 440 वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। इससे वार्ड नंबर एक के बीचला मोहल्ला में कई घरों में करंट दौड़ गया। हादसे के दौरान करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई, जबकि कई घरों में विद्युत उपकरण जल गए। ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड नंबर एक के बीचला मोहल्ला से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन का तार अचानक टूट गया। टूटने के बाद तार पास से गुजर रही 440 वोल्टेज लाइन को छूते हुए जमीन पर गिर गया। इससे मोहल्ले के करीब 8 से 10 घरों की घरेलू विद्युत लाइन में हाई वोल्टेज करंट पहुंच गया। ग्रामीणों के अनुसार अचानक अधिक वोल्टेज आने से घरों में लगे कूलर, टीवी, फ्रिज, पंखे सहित अन्य विद्युत उपकरण जल गए। वहीं जमीन पर गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से संजय जांगिड़ पुत्र बुधराम जांगिड़ की भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत निगम से नुकसान का आकलन करवाकर पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि भैंस मालिक को पशु की मौत तथा जिन परिवारों के विद्युत उपकरण जले हैं, उन्हें हुए नुकसान के अनुसार मुआवजा दिया जाए। इस संबंध में बिजली विभाग के जेईएन मनोज कुमार ने बताया कि ढोसी गांव में 11 केवी लाइन के इंसुलेटर में गिलहरी के कारण फाल्ट आने से तार टूटकर नीचे गिर गया था। इससे एक भैंस की मौत हुई है और कुछ घरों के विद्युत उपकरण भी जले हैं। इसकी रिपोर्ट तैयार करवाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही लाइन बंद करवा दी गई थी। मरम्मत के बाद लाइन को दोबारा चालू कर दिया गया है।