बिल भुगतान के लिए रिश्वत लेते पकड़े गए सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी ने मंगलवार को अलवर की पंचायत समिति कठूमर में कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सहायक अभियंता को 25 हजार रुपए और कनिष्ठ अभियंता को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। दोनों पंचायत समिति कठूमर में पदस्थापित हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाड़ी को मैसर्स पोसवाल कंपनी की ओर से शिकायत मिली थी कि फर्म ने ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के तहत निविदा के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला का मरम्मत कार्य कराया था। कार्य का 2.52 लाख रुपए का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। बिल भुगतान के संबंध में परिवादी ने सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान से संपर्क किया। आरोप है, कि सहायक अभियंता ने बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपए, जबकि कनिष्ठ अभियंता ने 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। जहां सत्यापन के दौरान सहायक अभियंता शिवराम ने 40 हजार रुपए की मांग की। परिवादी द्वारा राशि कम करने का आग्रह करने पर वह 35 हजार रुपए में सहमत हुआ। इसमें से 10 हजार रुपए मौके पर ही प्राप्त करना और शेष 25 हजार रुपए बाद में लेना तय हुआ। इसी तरह कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने 15 हजार रुपए की मांग की और 5 हजार रुपए मौके पर प्राप्त करने तथा 10 हजार रुपए बाद में लेने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी चौकी प्रभारी एवं ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने सहायक अभियंता शिवराम को 25 हजार रुपए और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

You might also like