भाजपा के जमरदीन तेली बने तारानगर नगरपालिका के उपाध्यक्ष
निसं
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा के जमरदीन तेली ने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय बानो निशा को 13 मतों से पराजित कर उपाध्यक्ष का चुनाव जीत लिया। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम प्रियंका कड़ेला ने बताया कि कुल 35 सीटों पर हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के जमरदीन तेली को 24 मत मिले वहीं कांग्रेस समर्थित बानो निशा को 11 मत मिले इस प्रकार चुनाव में भाजपा के तेली को 13 मतों से विजय घोषित कर दिया गया। 35 सीटों वाली तारानगर नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से वार्ड 34 से निर्वाचित जमरदीन तेली व वार्ड 15 से निर्वाचित कांग्रेस समर्थित निर्दलीय बानो निशा ने नामांकन दाखिल किया था। उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। मतदान में सभी 35 पार्षदों ने भाग लिया। मतदान के बाद मतगणना हुई जिसमें भाजपा के जमरदीन तेली को 24 मत मिले वहीं कांग्रेस समर्थित बानो निशा को 11 मत मिले इस प्रकार चुनाव में तेली को 13 मतों से विजय घोषित कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी कड़ेला ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष जमरदीन तेली को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस मौके पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, भाजपा नेता देवेंद्र झाझडिय़ा, नगरपालिका चुनाव प्रभारी काशीराम गोदारा, भाजपा नेता चन्द्राराम गुरी, राकेश जांगिड़, संदीप काजला, जसवंत स्वामी, वासुदेव चावला, नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष हरिप्रसाद इंदौरिया, अनूप खंडेलवाल, भंवरलाल दादरवाल, मो. तैयब, विशाल शर्मा, रामावतार सैनी, चुन्नीलाल सैनी, मुकेश शर्मा, भगवती प्रसाद शर्मा, रूस्तम तेली, जयसिंह नाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि व सैंकड़ों कार्यकर्ता तथा लोग मौजूद थे।
समर्थकों ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नगरपालिका के आगे भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद समर्थकों ने नगरपालिका के बाहर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर व आतिशबाजी कर खुशी मनाई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरिप्रसाद इंदौरिया व उपाध्यक्ष जमरदीन तेली का स्वागत किया और जीत की बधाई दी।
विकास कार्यों को देंगे प्राथमिकता
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष जमरदीन तेली ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित सभी शीर्ष नेताओं व उनका सहयोग करने वाले नवनिर्वाचित पार्षदों का आभार जताते हुए कहा कि पद ग्रहण करने के बाद शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। तेली ने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के मार्गदर्शन में नगरपालिका क्षेत्र में पानी निकासी, साफ-सफाई, रोशनी सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने बताया जनता की जीत
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ शाम को तारानगर नगरपालिका पहुंचे व नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष हरिप्रसाद इंदौरिया व उपाध्यक्ष जमरदीन तेली को जीत की बधाई दी। राठौड़ ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में भाजपा को मिली जीत जनता की जीत है। उन्होंने चुनाव में भाजपा को दिए अपार समर्थन पर जनता का आभार जताते हुए कहा कि तारानगर में भाजपा का बोर्ड बनने से तारानगर की कड़ी सीधे सरकार से जुड़ गई है अब तारानगर नगर पालिका क्षेत्र का संपूर्ण विकास होगा।