नवनिर्वाचित चेयरमैन गीता सैनी ने संभाला पदभार
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी नगरपालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन गीता सैनी का पदभार ग्रहण समारोह बुधवार को नगरपालिका परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी व जिला महामंत्री वीरपाल सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित चेयरमैन गीता सैनी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद विधिवत रूप से गीता सैनी को नगरपालिका चेयरमैन का पदभार ग्रहण करवाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों व समर्थकों ने नवनिर्वाचित चेयरमैन का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि खेतड़ी को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। खेतड़ी ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार तत्पर है तथा नगरपालिका के माध्यम से शहर में विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नवनिर्वाचित चेयरमैन और पार्षदों से शहर के विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। चेयरमैन गीता सैनी ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खेतड़ी को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए सभी के सहयोग से काम किया जाएगा। नगरपालिका क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों व नवनिर्वाचित पार्षदों का माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, गजेन्द्र जलंद्रा, लीलाधर सैनी, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, डॉ महेंद्र सैनी, कैलाश स्वामी, निखिल शर्मा, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, प्रताप सिंह, पवन भार्गव, सुनील सैनी, सुधीर गुप्ता, विकास जांगिड़, विजयपाल सैनी, जेपी सैनी, कृष्ण सैनी, बबलू अवाना, सोनू अग्रवाल, संदीप शर्मा, सुखराम गुर्जर, राजेश सैनी, विजेश सैनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।