गणेश महोत्सव में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने लिया बप्पा का आशीर्वाद
निसं
बुगाला (नवयत्न)। कस्बे में चल रहे गणेश महोत्सव के तहत पांडाल में भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंडित भवानीशंकर शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा करवाई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान गणेशजी को दूर्वा, सीरो-सुसवा और लड्डुओं का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। मुख्य यजमान डॉ. मिथुन की ओर से श्रद्धालुओं को सीरो-सुसवा का प्रसाद वितरित किया गया। महोत्सव का समापन शुक्रवार को होगा। सुबह सवा दस बजे हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें यजमान आहुतियां देंगे। इसके बाद दोपहर में कन्या भोजन कराया जाएगा। शाम 4 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।