निर्माण शुरू होने के दो दिन बाद ही बंद हुआ सड़क का काम

निसं
बुगाला (नवयत्न)। बुगाला-छऊ मार्ग के निर्माण का काम शुरू होने के दो-तीन दिन बाद ही बंद हो गया। करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल ने पिछले दिनों 50 लाख रुपए का बजट स्वीकृत करवाया था। करीब दो सप्ताह पहले सड़क निर्माण का काम शुरू किया गया था। इसके तहत पुरानी सड़क को तोड़कर समतलीकरण किया गया। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए मिट्टी के टीलों को काटने का काम भी शुरू किया गया, लेकिन दो-तीन दिन बाद ही निर्माण कार्य बंद हो गया। काम बंद होने से सड़क की स्थिति पहले से भी खराब हो गई है। पुरानी सड़क को तोड़ने और समतलीकरण के बाद मार्ग पर जगह-जगह उबड़-खाबड़ रास्ता बन गया है। इससे दुपहिया वाहनों के साथ छोटे वाहनों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने से उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही मार्ग की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिए जाने से परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू करवाकर इसे पूरा कराने की मांग की है।

You might also like