रालोपा कार्यकर्ताओ की बैठक आयोजित
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। रालोपा नेता खींवाराम घिंटाला ने कहा है, कि लाडनूं में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बल पर मजबूत हुई है। आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की रीति-नीति और कार्य-पद्धति के बल पर आने वाले पंचायत राज चुनाव में लाडनूं पंचायत समिति की सभी 27 और जिला परिषद की सभी 5 सीटों पर आरएलपी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। उन्होंने यहां निम्बी जोधां रोड स्थित आरएलपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए ऐलान किया कि लाडनूं पंचायत समिति के प्रधान पद पर इस बार आरएलपी का ही उम्मीदवार परचम फहराएगा। घींटाला ने कहा कि वे पिछले 25 साल से राजनीति में सक्रिय हैं और लगातार जन प्रतिनिधि रहे हैं। कहा कि लाडनूं की राजनीति में गुंडा, बदमाश और भूमाफिया लोग हावी हो गये हैं। इसी कारण उनका इन पार्टियों से मन भर गया। इन पार्टियों ने गुंडों से समझौता कर लिया, जो आम जन के हितों के विपरीत है, और राजनीति की स्वच्छता को बलि चढा दिया गया है। इस स्थिति के कारण वे असहजता महसूस कर रहे थे। हनुमान बेनीवाल से प्रभावित होकर ही उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का दामन थामा है। आरएलपी संयोजक ज्ञानाराम महरिया ने इस अवसर पर कहा कि रालोपा लाडनूं की सभी 27 सदस्यों की पंचायत समिति की सीटों पर और 5 जिला परिषद सदस्यों की सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने भी कहा कि इन चुनावों के बाद लाडनूं पंचायत समिति में आरएलपी का ही प्रधान बैठेगा। आरएलपी नेता रामकरण रैवाड़ ने अपने जोशीले अंदाज में नगर पालिका चुनाव में लाडनूं क्षेत्र में आरएलपी की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए पंचायत राज चुनाव में आरएलपी को लाडनूं की सिरमौर पार्टी के रूप में खड़ा करने की घोषणा की।