गुप्त वृन्दावन धाम में युवा रचेंगे इतिहास : 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन

निसं
जयपुर (नवयत्न)। गुप्त वृन्दावन धाम के शीघ्र पूर्ण निर्माण और आगामी वर्ष होने वाले मंदिर के मंगलमय उद्घाटन की प्रार्थना के लिए जयपुर की युवा पीढ़ी 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन करेगी। यह अखंड महा संकीर्तन 26 से 27 सितंबर 2026 तक लगातार आयोजित किया जाएगा, जिसमें जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा सहभागी बनेंगे। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन में चिकित्सक, अभियंता, संगणक अभियंता, वास्तुविद, प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े युवा तथा अध्ययन और कार्यरत युवा शामिल होंगे। दिन-रात चलने वाले इस अखंड संकीर्तन में मृदंग, करताल और सामूहिक रूप से हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य गुप्त वृन्दावन धाम के निर्माण कार्य की शीघ्र पूर्णता और अगले वर्ष प्रस्तावित मंदिर के मंगलमय उद्घाटन के लिए सामूहिक प्रार्थना करना है। जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से युवा इसमें जुड़कर संकीर्तन में अपनी सहभागिता देंगे। आयोजन का भाव है, निर्माण हमारा प्रयास हैय उसकी मंगलमय पूर्णता के लिए हमारी प्रार्थना-हरिनाम है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन युवा पीढ़ी को आध्यात्मिकता और सामूहिक भक्ति से जोड़ने के साथ सेवाए संकीर्तन और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी देगा।

You might also like