दुकाने बंद करवाने पर प्रशासन के प्रति फुटा आक्रोश
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)19 मई। लॉक डाउन-4 के दूसरे दिन मंगलवार को दुकानदारों द्वारा दुकाने खोलने पर नायब तहसीलदार सुभाष कुल्हरी, नोडल अधिकारी ऋषिकेश मीणा ने मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंच कर बाजारों में खुली एक साइड की सभी दुकानें बंद करवा दी। इससे दुकानदारों ने आक्रोश व्यक्त किया तथा प्रशासन पर भेदभाव बरतने के आरोप लगाए। जिले में इस तरह की सख्ती कहीं नहीं है। कस्बे के वार्ड दो में एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क न लगाने तथा सार्वजनिक स्थान पर थूकने वाले के खिलाफ कार्रवाही करते हुए जुर्माना वसूला। प्रशासन की कार्रवाही के बाद भी लोगों ने सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई। सब्जी की दुकानों पर सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ती देखी गई। कई ग्राहक के मास्क लगे हुए नहीं थे। कस्बे में सिर्फ पांच-छह सब्जी की पक्की दुकाने खोलने की स्वीकृति है। रेहड़ी व गुमटी पर सब्जी की दुकाने नहीं लगाने दी जा रही है। उक्त खुली सब्जी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ होने से सोशल डिस्टेंस की पालना नहीं हो रही है।