आर्मी गोल्फ कोर्स में टैलेंट आइडेंटिफिकेशन टूर्नामेंट का तीसरा सीजन
निसं
जयपुर (नवयत्न)। शहर के आर्मी गोल्फ कोर्स में 100 मेडल्स टार्गेटेड फाउंडेशन और एडपॉड कम्युनिकेशंस की ओर से टैलेंट आइडेंटिफिकेशन गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे सीजन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवा गोल्फरों और कैडीज ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर गोल्फ प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में तीन श्रेणियां रखी गईं। 21 वर्ष तक की बालिका, 18 वर्ष तक के बालक और 16 से 29 वर्ष तक के कैडी इसमें शामिल हुए। फाउंडेशन के निदेशक कर्नल हिम्मत वर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 62 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 7 बालिकाएं, 10 बालक और 45 कैडी शामिल रहे। प्रतियोगिता में हिमांशु पाल सिंह जादौन ओवरऑल चैंपियन बने, जबकि बालिका वर्ग में शिक्षा जैन ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में साउथ वेस्ट कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने जमीनी स्तर पर गोल्फ प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने में इस पहल की भूमिका की सराहना की। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं के बीच गोल्फ प्रतिभाओं की एक मजबूत प्रतिभा श्रृंखला तैयार करना है, ताकि आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना प्रत्येक प्रतिभागी को समान अवसर मिल सके। फाउंडेशन का लक्ष्य हर वर्ष कम से कम 1000 बच्चों और कैडीज को इस प्रतिभा खोज अभियान से जोड़ना है। पहचानी गई प्रतिभाओं को आगे प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने तक पहुंचाने के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।