संजय महला अधिवक्ता को मिली एनएचएआई की बड़ी जिम्मेदारी
हर्ष सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अधिवक्ता संजय महला को वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त कर महत्वपूर्ण कानूनी जिम्मेदारी सौंपी है। महला राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर तथा उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में वकालत कर रहे हैं।
केंद्र के कई महत्वपूर्ण विभागों की पैरवी
झुंझुनूं तहसील के खाजपुर नया गांव निवासी अधिवक्ता संजय महला वर्तमान में केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों एवं विभागों की ओर से राजस्थान उच्च न्यायालय में पैरवी कर रहे हैं। इनमें गृह, रक्षा, रेलवे, कार्मिक, वित्त और नागरिक उड्डयन सहित विभिन्न विभाग शामिल हैं। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा संघ लोक सेवा आयोग, दिल्ली ने भी उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय के साथ केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट), जयपुर में पैरवी की जिम्मेदारी सौंपी हुई है।
सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक भी रहे
महला देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक भी रह चुके हैं। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में सीबीआई की ओर से प्रभावी पैरवी की। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर ने भी उन्हें अपना अधिवक्ता नियुक्त किया हुआ है। विश्वविद्यालय ने उन्हें विभिन्न महाविद्यालयों की निरीक्षण एवं संचालन संबंधी समितियों में भी जिम्मेदारी दी है।
राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े मामलों में निभाएंगे भूमिका
नई जिम्मेदारी मिलने पर महला ने केंद्र सरकार और एनएचएआई के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साहित हैं तथा प्रभावी पैरवी के माध्यम से बेहतर परिणाम देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण राजमार्ग उपलब्ध कराने के मिशन पर काम कर रही है। राजस्थान में एनएचएआई के अधीन अजमेर, बीकानेर, दौसा, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में परियोजना कार्यान्वयन इकाइयां कार्यरत हैं। ये इकाइयां भूमि अधिग्रहण से लेकर राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। संजय महला की नई जिम्मेदारी पर शेखावाटी अंचल के लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।