राजस्थानी सिनेमा को मिली नई ऊँचाई, थांको ब्याव होगो के ने जीता दिल

निसं
बुगाला (नवयत्न)। चौमूं में आयोजित राजस्थानी सिनेमा अवार्ड्स समारोह में अभिनेता, गायक और लेखक क्षितिज कुमार की सुपरहिट राजस्थानी फिल्म थांको ब्याव होगो के ने धूम मचा दी। फिल्म ने एक-दो नहीं बल्कि 6 बड़े पुरस्कार अपने नाम कर इतिहास रच दिया। समारोह में फिल्म को सबसे प्रतिष्ठित बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड दिया गया। वहीं इस फिल्म के हीरो क्षितिज कुमार ने तो अकेले ही चार-चार अवॉर्ड जीतकर सबको चौंका दिया। उन्हें फिल्म के लिए बेस्ट हीरो, बेस्ट गायक व बेस्ट राइटर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 37 से ज्यादा अलग-अलग किरदार निभा चुके राजस्थानी सिनेमा के इकलौते ऑलराउंडर क्षितिज कुमार के लिए यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। फिल्म की सफलता में विलेन का भी अहम रोल रहा। दमदार अभिनय के लिए नागेंद्र सिंह को बेस्ट विलेन का अवॉर्ड मिला, जबकि फिल्म की बेहतरीन एडिटिंग के लिए गोकुल एडिटेक्स को बेस्ट एडिटर के अवॉर्ड से नवाजा गया। अवॉर्ड मिलने के बाद फिल्म की पूरी टीम में जश्न का माहौल है। यह फिल्म पूरी तरह से राजस्थानी संस्कृति और विवाह परिवेश पर आधारित है, जिसे दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं।
दर्शकों का मिल रहा भरपूर प्यार
अवार्ड जीतने के बाद फिल्म की लोकप्रियता और भी बढ़ गई है। फिल्म थांको ब्याव होगो के का प्रदर्शन जयपुर के विद्याधर नगर स्थित फन स्टार सिनेमा में रविवार को किया जा रहा है। वहाँ भी फिल्म को दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है और हाउसफुल शो होते जा रहे हैं। राजस्थानी सिनेमा को नया मुकाम दिलाने वाली यह फिल्म साबित करती है कि अब राजस्थानी फिल्में भी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं हैं।

You might also like