सागडू की ढाणी में 100 बीघा में बनेगी विशाल गौशाला, शिलान्यास

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। क्षेत्र के सागडू की ढाणी में करीब 100 बीघा भूमि पर बनने वाली विशाल गौशाला का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता मनोज जागंड़ा ने की। अतिथियों ने पूजा-अर्चना के बाद गौशाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और समाजसेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इतनी बड़ी भूमि पर गौशाला बनने से बेसहारा और जरूरतमंद गौवंश की देखभाल के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी। उन्होंने निर्माण से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के लोगों से सहयोग की अपील की। गौशाला अध्यक्ष कृष्ण यादव और झाबरमल गुर्जर ने बताया कि गौशाला का निर्माण करीब 100 बीघा भूमि पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य गौवंश की सेवा, संरक्षण और देखभाल के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना है। ग्रामीणों ने गौशाला निर्माण को क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद गौवंश संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर राजपाल, सत्यवीर सिंह, सतीश कुमार, राजकुमार, सुरेंद्र कुमार, नरेश कुमार, अशोक कुमार, राधेश्याम, ओमप्रकाश, संतोष कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

You might also like