शहीद इंद्र सिंह सैनी की 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर आयोजित
हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद इंद्र सिंह सैनी की 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम चंचलनाथ टीला पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के सानिध्य में हुआ। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम में अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद इंद्र सिंह सैनी के स्मारक व प्रतिमा पर पुष्पमाला और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने शहीद के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान देश हमेशा याद रखेगा और उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा नेता कमलकांत शर्मा, नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला अगवान, बगड़ नगरपालिका चेयरमैन राकेश शर्मा, नगर परिषद उपसभापति वीरेंद्र डारा, वरिष्ठ पार्षद बुधराम सैनी, पार्षद प्रदीप सैनी, सुरेश सैनी, गोपाल शर्मा, समाजसेवी जगदीश सैनी, घड़सीराम सैनी और हरेन्द्र डारा सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं शहीद के भाई बंजरंगलाल सैनी ने बताया कि रक्तदान करने वाले युवाओं और नागरिकों को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद पुत्र राकेश सैनी, दलीप सैनी सहित परिवार के सदस्य, भाजपा शहर आईटी संयोजक नंदलाल सैनी, अजय शर्मा बगड़ सहित अनेक लोग मौजूद रहे।