आंगन मिलन समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व आशाओं का किया सम्मान

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। महिला एवं बाल विकास विभाग तारानगर के अंतर्गत ग्राम बुचावास के आंगनबाड़ी केंद्र बुचावास प्रथम एवं आंगनबाड़ी केंद्र बुचावास-7 में आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। आंगनबाड़ी केंद्र बुचावास प्रथम में आयोजित समारोह के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ता शारदा देवी, सहायिका सुलोचना तथा आशा सहयोगिनी को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें भावना देवी पत्नी रोहिताश सहारण की गोद भराई की रस्म विधिवत रूप से संपन्न करवाई गई। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिला को शुभकामनाएं दीं तथा गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार एवं स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर चर्चा की। महिला पर्यवेक्षक मंजू मिश्रा, आंगन मिलन समारोह के प्रभारी रेवत राम सहारण व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बुचावास के प्रधानाचार्य किशोर कुमार निर्वाण ने महिलाओं को बच्चों की उचित देखभाल, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, विभिन्न बीमारियों से बचाव तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने का आह्वान किया। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र बुचावास-7 में भी आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती, सहायिका मीरा तथा आशा सहयोगिनी ललिता ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम में नियुक्त कार्मिक एवं व्याख्याता ओमप्रकाश भांभू भी मौजूद रहे। इस दौरान महिलाओं एवं ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं उचित देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विकास अधिकारी छगन लाल छींपा, अध्यापक मांगीलाल, अध्यापक माया, डॉ. मनीष, मेनका देवी, किरण, मोनिका, पूजा, सरिता, भावना, विमला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

You might also like