नगरपालिका में भाजपा पार्षदों का अभिनंदन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। नगर पालिका में नव निर्वाचित भाजपा पार्षदों का अधिशासी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। अभिनंदन के बाद पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की विभिन्न समस्याओं को ईओ के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। वार्ड संख्या 33 पार्षद बजरंगलाल प्रजापत ने नाले की सफाई करवाने तथा सीवरेज लाइन को दुरुस्त करवाने की मांग रखी। वार्ड पार्षद नेमाराम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, नालों की नियमित सफाई तथा खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त करवाने की बात कही। वहीं पार्षद प्रवीण जोशी ने छिंपोलाई क्षेत्र में मृत पशुओं के विधिवत निस्तारण की व्यवस्था करवाने की मांग उठाई। पार्षद असगर शेख ने शहर के मुख्य बाजार में महिलाओं की सुविधा के लिए महिला शौचालय का निर्माण करवाने की मांग रखी। वहीं कमल किशोर ने शंकर कॉलोनी क्षेत्र में मृत पशुओं को समय पर उठवाकर उनका उचित निस्तारण करवाने की आवश्यकता बताई। पार्षद उमरदीन ने घोड़ावत हॉस्पिटल के सामने स्थित खाली मैदान की सफाई करवाने तथा वहां प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। इस दौरान भाजपा नेता करणी सिंह ने सभी भाजपा पार्षदों का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया, ताकि वार्डों से जुड़ी समस्याओं को एक ही माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगरपालिका लीगल एडवाइजर गोविंद सिंह कसुंबी, हनुमान मल जांगिड़, पार्षद निर्मला जांगिड, मोहनसिंह, गौतम दत्त शास्त्री, असगर अली, अरमान टाक, फुले खान हाथीखानी, चेतन भोजक, अयूब खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।