खौफनाक वारदात: पत्नी का गला काटा, पति फंदे पर लटका मिला

विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। बिसाऊ कस्बे में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वार्ड नंबर 23 में घर के अंदर पत्नी का गला कटा हुआ शव बेड पर मिला, जबकि पति अब्दुल रहीम फंदे पर लटका हुआ मिला। पत्नी के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह काफी देर तक पति-पत्नी के नहीं जागने पर परिजनों ने घर का गेट खोला। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर बिसाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर मिली गोलियां, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर कुछ गोलियां भी मिली हैं। आशंका है कि पत्नी को नींद की दवा देने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, गोलियों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। साक्ष्य जुटाने के लिए सीकर से एफएसएल टीम और एमओबी टीम को बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

गृह क्लेश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच गृह क्लेश को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जाएगा।

You might also like