अम्बेडकर की मूर्ति खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न )। ग्राम खौह में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति खंडित करने के सनसनीखेज मामले का उदयपुरवाटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृत्ताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि 17 अक्टूबर को ग्रामीण पोकर पुत्र श्योकरण निवासी खौह ने रिपोर्ट दी थी कि 16 अक्टूबर की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गांव के अम्बेडकर पार्क में लगी बाबा साहब की मूर्ति को खंडित कर दिया और सिर तोड़कर ले गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। आरोपी की पहचान मुनेश कुमार पुत्र वीरेन्द्र कुमार निवासी झाकड़ा की ढाणी गुहाला, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर के रूप में हुई। वारदात के बाद आरोपी मुंबई भाग गया था।

पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर वह मुंबई से जयपुर आ गया, जहां से उसे सिंधी कैम्प बस स्टैंड से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त कर ली है। थानाधिकारी ने बताया कि प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और मामले में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

You might also like