48 साल बाद कलाखरी आयुर्वेद औषधालय को मिली अपनी जमीन
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। कलाखरी के राजकीय आयुर्वेद औषधालय को 48 साल बाद अपनी जमीन मिल गई। ग्राम पंचायत ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं राजकीय आयुर्वेद औषधालय के नाम 500 वर्गगज भूमि का निशुल्क पट्टा जारी किया है। उप-पंजीयक कार्यालय बुहाना में पट्टे का पंजीयन भी हो गया। चिकित्साधिकारी प्रभारी डॉ. आकाशवीर बलवदा ने बताया कि भूमि का स्वामित्व नहीं होने से औषधालय के भवन निर्माण, मरम्मत और विकास कार्यों में परेशानी आ रही थी। अब भूमि का स्थायी रिकॉर्ड बनने से विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि जमीन मिलने से औषधालय में जरूरी सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। डॉ. बलवदा ने पट्टा जारी करने में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत कलाखरी और उप-पंजीयक कार्यालय बुहाना का आभार जताया।