एक शाम बेटियों के नाम, 101 बेटियों को किया सम्मानित, प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। लता मंगेशकर के जन्मदिवस के अवसर पर संस्कार भारती के सौजन्य से केशव आदर्श विद्या मंदिर सभागार में ‘एक शाम बेटियों के नामÓ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने एकल नृत्य और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाई। वहीं शेखावाटी के कलाकारों ने युगल गायन की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ लता मंगेशकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि जेजेटी यूनिवर्सिटी चुड़ैला की वाइस चांसलर प्रो. मधु गुप्ता थीं। अध्यक्षता मधुसूदन खेतान ने की। विशिष्ट अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमावत, सहायक अभियंता प्रेम बिहारी माथुर, कैप्टन सुरेंद्र सिंह शेखावत, जेजेटी यूनिवर्सिटी के एचआर महेश सिंह शेखावत, राष्ट्रीय सेविका समिति की विभाग प्रमुख प्राची छक्कड़, एनएम कुरैशी राजगढ़, महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष गोविंद कुमावत और हीरालाल राजगढ़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एकल नृत्य में यसस्वी प्रथम, मानसी वर्मा दूसरे स्थान पर
एकल नृत्य प्रतियोगिता में जीएल पब्लिक स्कूल की यसस्वी प्रथम, चावो दादी स्कूल की मानसी वर्मा द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल की सनवी कुमारी तृतीय रहीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में यायुसैनिक एकेडेमी राजोता की टीम प्रथम, केशव आदर्श विद्या मंदिर झुंझुनूं की टीम द्वितीय और रानी सती बालिका विद्यालय झुंझुनूं की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रधानाचार्य मीनाक्षी तंवर, व्याख्याता विमल कंवर और व्याख्याता रेणु कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
युगल गायन से कलाकारों ने बांधा समां
कार्यक्रम में शेखावाटी की लता मंगेशकर के नाम से पहचान बनाने वाली कौशल्या कुमारी सहित संतोष कुमार, कैलाश सूर्या, रविंद्र सिंह शेखावत, अनु कंवर, प्रेम बिहारी माथुर और हीरा लाल राजगढ़ ने युगल गायन की प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
भामाशाह के सहयोग से 101 बेटियों को पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान भामाशाह मधुसूदन खेतान के आर्थिक सौजन्य से 101 बेटियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बेटियों की प्रतिभा को मंच देना और उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।