आर्थिक गतिविधियां जरूरी मगर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें लोग: संदेश नायक
कलक्टर संदेश नायक, एसपी तेजस्वनी गौतम ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
चूरू,(पीयूष शर्मा)19 मई। कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम को लेकर चल रहे लॉक डाउन में अब आर्थिक गतिविधियों को शुरू किया जाना जरूरी है। मगर साथ ही दुकानदारों व आमजन को सोशल डिस्टेसिंग और पर्सनल हाईजीन का भी ध्यान रखना होगा। तभी हम स्वयं को इस महामारी के संक्रमण से बचा सकेंगे।
कलक्टर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एसपी तेजस्वनी गौतम, सीएमएचओं डा. बीएल सर्वा, सहायक निदेशक जनसंपर्क कुमार अजय भी मौजूद थे। कलक्टर ने चूरू जिले में अब तक कोविड प्रकरणों की स्थिति, रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजामों व उपायों पर चर्चा करते हुए कहा कि स्थिति पूर्णतया नियंत्रण में है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार दूसरे प्रदेशों से आए प्रवासी श्रमिकों को अनिवार्य तौर पर क्वारेंटीन किया जा रहा है। जिलेभर से प्रत्येक ब्लॉक से सैंपलिंग करवाई जा रही है। पॉजिटिव प्रकरणों के अनुसार कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, सैंपलिंग और सर्वे भी समुचित ढंग से किए जा रहे हैं।
जिलें में नहीं श्रमिकों के पैदल चलने का कोई प्रकरण
कलक्टर ने कहा कि जिले में श्रमिकों के पैदल चलने संबंधी कोई प्रकरण नहीं है। अब धीरे-धीरे आर्थिक गतिविधियां खोली जा रही है। क्योंकि काफी हद तक सोशल डिस्टेंसिंग व पर्सनल हाईजीन लोगों के अभ्यास में आई है। हर व्यक्ति जागरुक हुआ है और यहीं जागरुकता कोविड-19 के संक्रमण से बचाने में कारगर साबित होगी।
जिले में लागू रहेगी धारा 144
फिलहाल जिले में धारा 144 लागू रहेगी, विवाह के लिए अनुमति लेनी होगी, पार्क, खेल स्टेडियम केवल अभ्यास के लिए खुलेंगे। यहां आयोजन नहीं होंगे। शॉपिंग मॉल्स के अलावा दुकानें खुलेंगी, मगर दुकानदारों व ग्राहकों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करनी होगी। जनता की जागरुकता के कारण कम्यूनिटी स्प्रीडिंग की स्थिति अभी नहीं है। हमें जागरूक रहकर किसी के साथ खाना खाने, एक ही बोतल से पानी पीने जैसी गतिविधियों से हमें खासतौर पर बचना होगा। अपनी सेहत अच्छी रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए सतत् प्रयासरत रहना होगा।
बिना मास्क-हेल्मेट वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने या फिर बिना मास्क मिलने पर कार्रवाई की गई है। आगामी दिनों में ये कार्रवाई अधिक बड़े स्तर पर की जाएगी। बिना हेलमेट चलने वाले या किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले वाहन चालको पर कार्रवाई की जाएगी। धारा 144 महामारी अधिनियम तथा सरकार की ओर से जारी एडवायजरी, प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।