चेयरमैन खुद झाड़ू लेकर उतरीं, सिंघाना में चला स्वच्छता अभियान
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सिंघाना में स्वच्छता का संदेश देने के लिए नगर पालिका की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन पिंकी डीपी सैनी खुद झाड़ू लेकर सफाई कर्मियों के साथ सड़क पर उतरीं और सफाई में भाग लिया। जनप्रतिनिधियों, पालिका कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में शामिल होकर सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। अभियान की शुरुआत रामशरण चौक से की गई। इसके बाद पोस्ट ऑफिस, आईसीआईसीआई बैंक के सामने, पुलिस स्टेशन के सामने और सिंघाना बाईपास होते हुए बुहाना मोड़ तक मुख्य मार्गों पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर पड़े कचरे को हटाया गया। सफाई के साथ लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया गया।
सफाई कर्मियों के साथ खुद संभाली कमान
अभियान के दौरान चेयरमैन पिंकी डीपी सैनी ने सफाई कर्मियों के साथ मिलकर सड़क पर झाड़ू लगाई। उनके साथ जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मचारियों ने भी सफाई कार्य में भाग लिया। अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे कचरा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं डालें और घर व दुकानों के आसपास नियमित रूप से सफाई रखें।
सामूहिक प्रयास से बनेगा स्वच्छ सिंघाना – चेयरमैन
चेयरमैन पिंकी डीपी सैनी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सिंघाना बनाने के लिए स्वच्छता को केवल नगर पालिका तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने घर और दुकान के आसपास सफाई रखने के साथ सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने में सहयोग करें तो कस्बे को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने नगरवासियों से नगर पालिका की ओर से चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियानों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहयोग से ही सिंघाना को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में वाइसचेयरमैन रचना पूनिया, पार्षद नवीन कुमार, बाबूलाल जांगिड़, इस्लाम अली, गिरधारी, विक्की मीणा, डीपी सैनी, परमेश्वर भाटी, बनेश्वरी आर्य, राजेश जैदिया, प्रमेन्द्र, संजय, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, जितेंद्र शर्मा सहित नगर पालिका के समस्त कर्मचारी और कस्बे के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।