वामदलों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को झुंझुनूं में वामदलों और विभिन्न संगठनों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली और वोट चोरी के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। रैली के दौरान ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओÓ, ‘वोट चोर गद्दी छोड़Ó और ‘लोकतंत्र के हत्यारे ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करोÓ जैसे नारे लगाए गए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भगतसिंह विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में यह रैली शहीद स्मारक से शुरू हुई। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां विरोध सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए वामदलों के नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर वोटों में गड़बड़ी कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ भी नारे लगाए। प्रदर्शन में किसान संगठनों, मजदूर संगठनों और सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। वामदलों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है। विरोध सभा में भाकपा-माले केंद्रीय कमेटी सदस्य फूलचंद ढेवा, माकपा राज्य सचिवालय सदस्य फूलचंद बर्वर, भाकपा राज्य कमेटी सदस्य बिड़दू राम सैनी, भगतसिंह विचार मंच के संयोजक बजरंगलाल एडवोकेट, भाकपा-माले जिला सचिव रामचंद्र कुलहरि, सीपीआईएम जिला सचिव राजेश बिजारणियां, किसान सभा के जिला महामंत्री सुमेर सिंह बुडानिया सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like