गांधी चौक में लगेगा ‘खुशियों का बाजारÓ, पसंद से कपड़े चुन सकेंगे जरूरतमंद

सपना शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। महावीर इंटरनेशनल की पहल पर राष्ट्रीय वस्त्र सेवा अभियान के तहत ‘कपड़ा बैंक—खुशियों का बाजारÓ का आयोजन 4 अक्टूबर को गांधी चौक में किया जाएगा। बाजार का शुभारंभ दोपहर 2 बजे होगा। खास बात यह है कि जरूरतमंद परिवारों को कपड़े नि:शुल्क देने के बजाय उन्हें अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार वस्त्र चुनने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय सह समन्वयक श्यामसुंदर जालान ने बताया कि कपड़े 10 रुपए की स्वाभिमान सहयोग राशि पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। बाजार में स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित तरीके से रखे गए कपड़ों में से जरूरतमंद व्यक्ति अपनी पसंद के वस्त्र स्वयं चुन सकेंगे। उन्होंने बताया कि आमतौर पर जरूरतमंदों को सहायता के रूप में कपड़े दे दिए जाते हैं, लेकिन उनकी पसंद और जरूरत का ध्यान नहीं रखा जाता। ‘खुशियों का बाजारÓ के जरिए जरूरतमंद परिवारों को अपनी पसंद के कपड़े चुनने का अवसर देकर उनके सम्मान और स्वाभिमान को बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में शहर के अलग-अलग स्थानों पर भी ‘खुशियों का बाजारÓ लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस पहल से जुड़ सकें। महावीर इंटरनेशनल का उद्देश्य सेवा के साथ जरूरतमंदों की पसंद, सम्मान और स्वाभिमान का भी ध्यान रखना है।

You might also like