6 अक्टूबर को नोखा में गरजेगी ईडब्लूएस की आवाज, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी करेंगे जनसभा
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग इडब्लूएस के आरक्षण से जुड़े नियमों में सरलीकरण एवं व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी 6 अक्टूबर को नोखा पहुंचेंगे। भाटी की इडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के तहत नोखा में सुबह 10:30 बजे जनसभा आयोजित की जाएगी। उनके आगमन को लेकर युवाओं एवं समर्थकों में उत्साह है और कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रामसिंह चरकड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविंद्र सिंह भाटी सुजानगढ़ रोड की ओर से नोखा में प्रवेश करेंगे। उनके स्वागत एवं जनसभा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ता क्षेत्र में संपर्क कर अधिक से अधिक युवाओं एवं लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने में जुटे हुए हैं।
ईडब्लूएस नियमों के सरलीकरण का उठेगा मुद्दा
ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से जुड़े नियमों को सरल बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है। यात्रा में इडब्लूएस प्रमाण-पत्र की वैधता अवधि बढ़ाने, राज्य में जारी इडब्लूएस प्रमाण-पत्र को केंद्रीय सेवाओं एवं केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में मान्यता देने तथा राज्य और केंद्र के इडब्लूएस नियमों में समानता जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही इडब्लूएस पात्रता से जुड़ी भूमि संबंधी शर्तों की समीक्षा तथा युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में राहत देने जैसे विषयों पर भी चर्चा की जा रही है।
बीकानेर के बाद नोखा में पड़ाव
भाटी की इडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 5 अक्टूबर को बीकानेर से होने की जानकारी सामने आई है। बीकानेर क्षेत्र में कार्यक्रमों के बाद 6 अक्टूबर को नोखा में जनसभा प्रस्तावित है। नोखा में कार्यक्रम को लेकर युवाओं ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। स्वागत, जनसभा स्थल, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। रामसिंह चरकड़ा ने बताया कि विधायक रविंद्र सिंह भाटी के नोखा आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। युवाओं और कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र में व्यापक संपर्क किया जा रहा है तथा कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है। आयोजकों के अनुसार 6 अक्टूबर की सुबह 10:30 बजे होने वाली जनसभा में इडब्लूएस से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।