सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में स्वच्छता एवं श्रमदान

निसं
बीदासर (नवयत्न)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सांवरलाल सुशीला देवी सुथार राजकीय महाविद्यालय में सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर सामूहिक श्रमदान किया गया। विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने स्वच्छ एवं सुंदर परिसर का संदेश देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता, श्रम की गरिमा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अवसर पर प्राचार्य डॉ. देवी प्रसाद सहित संकाय सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थितजनों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। प्राचार्य डॉ. देवी प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा को जीवन-मूल्यों के रूप में स्थापित किया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाया जाने वाला जीवन-मूल्य है। प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले तो स्वस्थ, स्वच्छ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

You might also like