784 गर्भवती और 3426 बच्चों को लगाए जीवनरक्षक टीके
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की गर्भवती महिलाओं की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग की ओर से गुरूवार को मनाए गए मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों व चिकित्सकों ने गर्भवती की सेहत का परीक्षण किया। वहीं बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने टीकाकरण स्थल व चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि एमसीएचएन दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पीलिया, टीबी, हैपेटाइटिस बी, गलघोंटू, काली खांसी, निमोनिया, टिटनेस, मैनिनजाइटिस खसरा और रूबले, रोटा, दस्त आदि रोगों से बचाव के लिए टीके लगाए और गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि गुरूवार को जिले में 405 टीकाकरण सेशन पर 784 गर्भवती महिलाओं तथा 3 हजार 426 बच्चों को टीके लगाए गए।