पीएम श्री विद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीमाधोपुर में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी की अध्यक्षता में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता एवं स्वर कोकिला लता मंगेशकर के गीतों पर आधारित गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गायन प्रतियोगिता में भूमिका कुमावत ने प्रथम तथा कृतिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 12 की शिवानी ने प्रथम एवं कक्षा 12 की दिव्या सैनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ मधु चौधरी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या सहित समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों पर प्रकाश डालते हुए बालिका शिक्षा, समान अवसर एवं महिला सशक्तीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित एवं सशक्त बेटी न केवल अपने परिवार को संवारती है, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देने के साथ राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बालिकाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए शिक्षा, कला एवं अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढऩे का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य कृष्णा पालीवाल ने किया। इस अवसर पर सरोज, प्रेमलता सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने बालिकाओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने की भावना को प्रोत्साहित किया।