मुख्य बाजार में बिजली के खुले तारों पर झूलते मीटर
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर के राहुगेट के सामने स्थित मुख्य बाजार की गली एवं नेत्र चिकित्सालय के आगे कपड़ा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विद्युत निगम की बड़ी बद इंतजामी देखने को मिली। यहां दुकानों के पास ही बिजली के नंगे तारों पर मीटर झूल रहे हैं तो कहीं तारों पर कपड़े के पर्दे बंधे हुए नजर आ रहे हैं। जिसके चलते भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में कभी भी शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। यहां मुर्दागली में दुकानदारों ने धूप से बचाव के लिए पर्दे और कपड़े के शेड बिजली के तारों के सहारे बांध रखे हैं। गली के ऊपर फैले बिजली के तारों के बीच लटकते पर्दे और बेतरतीब तारों का फैला हुआ जाल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
जगह-जगह तारों पर झूल रहे मीटर
दुकानदार प्रकाश शर्मा ने बताया कि व्यापारिक गतिविधियों से गुलजार रहने वाले कपड़ा बाजार में दुकानदारों और ग्राहकों की दिनभर आवाजाही बनी रहती है। उनकी दुकान का जहां सामान लगा रहता है उसी पोल पर खुले बिजली के तार और टूटा हुआ मीटर पिछले सात महीनों से झूल रहा है। बारिश के दिनों में उसके और एक ग्राहक के करंट भी आ गया मगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी रखरखाव की सिर्फ बातें ही करते है इस और उनका कोई ध्यान नहीं जाता। दुकानदार कैलाश घोडेला ने बताया कि बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में बिजली के तारों के आसपास इस तरह के अस्थायी इंतजाम किसी भी समय परेशानी खड़ी कर सकते हैं। तारों और टूटे मीटर की। समय समय पर वास्तविक स्थिति की जांच करना जरूरी है।