युवक का अपहरण कर निर्वस्त्र कर मारपीट और अश्लील वीडियो बनाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। सांगानेर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने, निर्वस्त्र कर प्रताड़ित करने और अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर धमकाने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को कुछ ही घंटों में मुक्त करा लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कारए आर-15 बाइक और डंडे जब्त किए गए हैं। डीसीपी जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि परिवादी अल्फेज खान ने 18 अक्टूबर को सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, गौशाला कट के पास से उसका अपहरण कर आरोपी उसे रिंग रोड की तरफ एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके चेहरे पर बेल्ट से वार किए और पसलियों पर लातें मारीं। इसके बाद कपड़े उतरवाकर उसके साथ मारपीट की तथा अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए। आरोपियों ने पुलिस या प्रशासन के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज की मदद से आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने में सफलता मिली। थाना पुलिस ने जयपुर पूर्व की तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल संजय राहड़ के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर मकसूद खान 21 निवासी मलारना चौड़, सवाई माधोपुर, लोकेश मीणा उर्फ मैक्स 20 निवासी दौसा, अमरसिंह मीणा 20 निवासी लालसोट, दौसा, करण मीणा 23 निवासी कोटखावदा और मनीष प्रजापत उर्फ एमके 24 निवासी माधोराजपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने सवाई माधोपुर की पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के जयपुर में सांगानेर सदर और प्रतापनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, आर-15 बाइक और डंडे जब्त किए हैं। परिवादी ने मकसूद खान के अलावा सोशल मीडिया के जरिए उसके दोस्त कृष्ण मीणा के भी वारदात में शामिल होने की बात कही थी। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से वारदात के कारणो, घटनाक्रम और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ जारी है।