शहीद नेत्रभान सिंह का मनाया शहादत दिवस
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के गाड़राटा में गुरुवार को तहसील के प्रथम शौर्य चक्र विजेता शहीद नेत्रभान सिंह का शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैप्टन लक्ष्मण सिंह तंवर थे, जबकि अध्यक्षता पृथ्वी सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने शहीद नेत्रभान सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह ने कहा कि खेतड़ी तहसील में ऐसे अनेक योद्धा हुए जिन्होंने देश के लिए सरहद पर अपने प्राणों को कुर्बान किया। यहां पीढ़ी दर पीढ़ियां ने देश सेवा कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शहीद नेत्रभान सिंह भारतीय सेना की 11 राजरीफ मे सेवारत थे। 22 अक्टूबर 1992 को जम्मू एंड कश्मीर में अवंतीपुर में इनामी आतंकवादी गाजी खान को मुठभेड़ में उनके तीन साथियों को ढेर करने के बाद गोली लगने से देश के लिए शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत सरकार की ओर से मरणोउपरांत तत्कालीन राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा ने शहीद नेत्रभान सिंह को शौर्य चक्र से नवाजा था। नेत्रभान सिंह के दादाजी प्रथम वर्ल्ड वॉर में लड़ाई लड़ी थी और उनके पिताजी हरिकिशन सिंह जी ने सेकंड वर्ल्ड वॉर में भाग लिया था। उनके पिताजी हरिकिशन सिंह वर्ल्ड वॉर में राजपूताना राइफल में थे तथा उनके बेटे पृथ्वी सिंह और नेत्रभान सिंह के भतीजे वीरेंद्र सिंह वर्तमान में भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा कर रहे है। उन्होंने कहा कि शहीद हमारे लिए पूजनीय होते हैं। ऐसे में युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर समरजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, विजयपाल सिंह, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, पृथ्वी सिंह, महेंद्र गुर्जर, पवन दधीच, दुर्गा प्रसाद, उमाशंकर फरेरा, मुरारी लाल शर्मा, विनोद गुप्ता, नरेंद्र सिंह, रतिपाल सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।