चूरू जिले में ‘टिकट होल्ड’ शब्द ही नहीं आ सकता : राजेंद्र राठौड़

निसं

चूरू (नवयत्न)। राजस्थान भाजपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के पुत्र पराक्रम सिंह और पुत्रवधू कनिका सिंह दोनों ही पंचायती राज चुनाव में जिला परिषद सदस्य के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर पराक्रम सिंह की टिकट होल्ड होने की खबरें प्रसारित होने लगी। इन चर्चाओं के बीच राजेंद्र राठौड़ का एक इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें उन्होंने चूरू जिले में टिकट होल्ड होने की बात को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

राजेंद्र राठौड़ ने इंटरव्यू में स्पष्ट शब्दों में कहा कि चूरू जिले में जब से चुनाव होने शुरू हुए हैं, तब से टिकट होल्ड जैसा कोई शब्द न तो आया है और न ही आ सकता है। उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर चल रही टिकट होल्ड की चर्चाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है।

राजेंद्र राठौड़ राजस्थान भाजपा के उन नेताओं में शामिल हैं, जिनका प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है। वे राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे चूरू विधानसभा सीट से कई मर्तबा लगातार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। राठौड़ ने तारानगर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा है। चूरू जिले और शेखावाटी क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

ऐसे में उनके पुत्र पराक्रम सिंह और पुत्रवधू कनिका सिंह के चुनावी मैदान में होने के बीच टिकट को लेकर सामने आई चर्चाओं ने राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान आकर्षित किया है। राठौड़ का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे जिले की चुनावी राजनीति और भाजपा संगठन से जुड़े मामलों को लंबे समय से करीब से देखते रहे हैं।

राठौड़ के बयान के बाद चूरू जिले में टिकट होल्ड होने को लेकर चल रही चर्चाओं पर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। उनके समर्थक इसे सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों का जवाब मान रहे हैं, जबकि राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।

You might also like