गोवंश सेवा के लिए दानदाता ने बढ़ाया हाथ, सुरभि गोशाला में कड़बी की ट्रॉली भेंट
निसं
बुगाला (नवयत्न)। गोवंश की सेवा और उनके चारे की व्यवस्था में सहयोग के लिए सुरभि गोशाला में दानदाता ने कड़बी की ट्रॉली भेंट की। कोषाध्यक्ष महेंद्र बुगालिया ने बताया कि दानदाता सुरेश पुत्र निरंजनलाल शर्मा ने गोवंश के लिए एक ट्रॉली कड़बी उपलब्ध कराई। इस दौरान दानदाता ने कहा कि गोसेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और गोवंश के लिए चारा उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। उन्होंने गोशाला में रह रहे गोवंश की जरूरतों को देखते हुए यह सहयोग किया। गोशाला में कड़बी पहुंचने पर कार्यकारिणी सदस्यों ने दानदाता शर्मा का आभार जताया। कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि गोशाला में बड़ी संख्या में गोवंश की देखभाल की जा रही है। ऐसे में समाज के लोगों द्वारा चारे सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से गोशाला के संचालन में काफी मदद मिलती है। उन्होंने अन्य भामाशाहों और गोसेवकों से भी गोशाला के लिए यथासंभव सहयोग करने की अपील की है।