मंदिरों के पुजारियों को विशेष आर्थिक पैकेज की मांग
सीएम को भेजा ज्ञापन
चूरू,(पीयूष शर्मा)20 मई। शहर के विभिन्न धार्मिक व पूजा संस्थानों से जुड़े लोगों ने बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन प्रेषित कर मंदिरों से जुड़े पुजारियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की।
सिटीजन क्लब के अध्यक्ष सुबोध मासूम ने बताया कि गत दो महीने से चल रहे लॉक डाउन के कारण मंदिरों के पुजारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। मंदिरों व पूजा-पाठ से जुड़े लोगों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। राज्य सरकार ने हालांकि इस वर्ग को खाद्य सामग्री वितरण की सूची में शामिल किया है। मगर ये अपर्याप्त है। ऐसे में मंदिरों के पुजारियों व इससे जुड़े अन्य लोगों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाए।
ज्ञापन देने वालों में सवाई सागर बगीची बालाजी धाम महंत संतकुमार सारस्वत, जौहरी सागर शिवालय के मुख्य पुजारी सुशील औझा, बालाजी मंदिर के नरोतम ज्ञानी, ओम कालोनी मंदिर के सीताराम सैनी, मालासी भैरव मंदिर, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष महेश कुमार मिश्रा, कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष रतनलाल जांगिड़ आदि ने हस्ताक्षर किए।