घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाकर स्वयंसेवकों ने प्रदर्शित की संगठन शक्ति

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में मंडावा खंड के मुकुंदगढ़ नगर में विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में घोष की सुमधुर धुन के साथ पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में हाथों में दंड लिए स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। पथ संचलन में बाल, युवा और प्रौढ़ स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बनता था। नगर में संचलन के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया। खंड कार्यवाह जयप्रकाश कुमावत ने बताया कि स्वयंसेवकों ने घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाकर नगर के प्रमुख मार्गों से संचलन किया। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
ध्वज प्रणाम और शस्त्र पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
पथ संचलन से पूर्व कानोड़िया अस्पताल के सामने आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। संघ की परंपरा के अनुसार अतिथियों एवं संघ पदाधिकारियों ने विधिवत शस्त्र पूजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यवसायी राकेश सिगडोदिया रहे, जबकि अध्यक्षता मंडावा खंड संघचालक प्रेमपाल दूलर ने की। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता जिला प्रचारक भगत सिंह ने स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
प्रमुख मार्गों से निकला पथ संचलन
मंडावा खंड प्रचारक अभिषेक कुमार की अगुवाई में तथा ध्वजवाहक एवं खंड संपर्क प्रमुख विकास मारवाल के नेतृत्व में पथ संचलन कानोड़िया अस्पताल के सामने से प्रारंभ हुआ। संचलन मंडी, स्टेशन रोड और नवलगढ़ रोड होते हु, लक्ष्मणगढ़ रोड स्थित संकटमोचन बालाजी मंदिर के पास पहुंचकर संपन्न हुआ। इसके बाद संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
नगर भ्रमण के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने पथ संचलन का स्वागत किया। मार्ग में नागरिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रबुद्धजनों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की। पूरे मार्ग में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झुंझुनूं विभाग कुटुंब प्रबोधन प्रमुख राजाराम सुरोलिया, सहखंड कार्यवाह सीताराम सैनी, खंड शारीरिक प्रमुख मनमोहन, खंड सेवा प्रमुख लोकेश गुर्जर, खंड महाविद्यालय विद्यार्थी प्रमुख मनीष चेजारा, खंड समरसता प्रमुख भवानी शंकर, खंड बौद्धिक प्रमुख बजरंग सिंह, नगर कार्यवाह भूपेंद्र वर्मा, सह नगर कार्यवाह मुकेश पोरवाल व दिनेश घोड़ेला तथा नगर बौद्धिक प्रमुख परमेश्वर लाल चेजारा, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, एईएन विवेक अग्रवाल, डॉ सुशील शर्मा, रामकुमार सैनी, अजय सैनी, रामकुमार सिंह, वरिष्ठ स्वयंसेवक हरिराम टेलर, रामदेव सिंह, बहादुर सिंह, आत्माराम शर्मा, घनश्याम शर्मा, सीताराम सोनी, जयप्रकाश सोहू, चंद्रपाल दूलर, प्रेमपाल दूलर, राजेंद्र भार्गव, सुरेंद्र खीचड़, प्रवीण रैगर, सुरेश शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, ओमप्रकाश रैगर, रामवतार रैगर और राकेश गुर्जर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like