नोखा तर्पण समिति ने श्रीगंगा गौशाला को दिए 1.18 लाख रुपए, भामाशाहों ने भी किया सहयोग

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा तर्पण समिति की ओर से पितृपक्ष में एकत्रित राशि में से खर्च के बाद बची 1 लाख 18 हजार 300 रुपए की राशि श्रीगंगा गौशाला को गौसेवार्थ भेंट की गई। रविवार को गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों एवं गणमान्यजनों की उपस्थिति में यह राशि गोशाला अध्यक्ष निर्मल कुमार भूरा और कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवाड़ी को सुपुर्द की गई। तर्पण समिति की ओर से प्रतिवर्ष पितृपक्ष में रोड़ा रोड स्थित कन्हैया महाराज पंचारिया की सेड़ी के जलाशय पर पितरों का तर्पण किया जाता है। पितृपक्ष की अमावस्या पर इस बार तर्पणार्थी चार बसों और छह छोटी गाड़ियों से पुष्कर पहुंचे, जहां विद्वान पंडित मुरली महाराज के सानिध्य में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ तर्पण किया गया। इसके बाद ब्राह्मणों को भोजन करवाकर आशीर्वाद लिया गया। श्रद्धालुओं ने खुड़द धाम में इंद्रबाईसा के दर्शन भी किए।
भामाशाहों ने चारा और नकद राशि दी
गौसेवा के इस पुनीत कार्य में भामाशाहों ने भी सहयोग किया। नोखा निवासी एवं सूरत प्रवासी रामकिशन-दिनेश कुमार डागा की ओर से एक ट्रक मूंग का चारा, पांच कट्टे बाजरा और 15 कट्टे ज्वार गौशाला को दिए गए। वहीं, रायसर निवासी चंद्र कंवर राजपूत ने गौशाला की गोग्रास योजना के तहत एक गाय के लिए 15 हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा कन्हैया महाराज पंचारिया की स्मृति में तर्पण समिति की ओर से चुग्गा एवं अक्षय भेलना के लिए 15 हजार रुपए श्रीगंगा गौशाला को दिए गए।
गणमान्यजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में निर्मल कुमार भूरा, ओमप्रकाश तिवाड़ी, कन्हैयालाल करवा, मुरली महाराज पंचारिया, एडवोकेट किशनगोपाल चितलांगिया, राजेंद्र सिंह राठौड़, इन्द्रचन्द मोदी, कुंज बिहारी शर्मा, देवकिशन तापड़िया, नरसी छीपा, गोशाला व्यवस्थापक रामनारायण उपाध्याय, वासुदेव तिवाड़ी, रामेश्वर छीपा, रामकुमार भूतड़ा, सुरेश तापड़िया, गोविंद तापड़िया, मदनलाल चांडक तथा गोशाला कर्मी हनुताराम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। उक्त जानकारी तर्पण समिति के कन्हैयालाल करवा ने दी।

You might also like