घर में चोरी करने घुसे युवक ने महिला के साथ की मारपीट

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भट्टाबस्ती थाना इलाके में घर में चोरी करने घुसे युवक ने महिला के साथ मारपीट कर दी। महिला ने उसे चोरी करते देख लिया था। इस पर आरोपी ने उनका हाथ मोड़कर नीचे गिरा दिया और शोर मचाने पर कपड़े से मुंह दबा दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। एएसआई मदनलाल ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड, भट्टाबस्ती निवासी घनश्याम खियानी 25 ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि गत दो दिनों पहले उसकी मां आशा खियानी घर पर अकेली थीं। आरोप है कि पहले घर पर इलेक्ट्रिशियन का काम कर चुका मोहम्मद साहिल चोरी की नीयत से घर में घुसा और मंदिर में रखे रुपए चुराने लगा। इसी दौरान आशा ने उसे देख लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उनका हाथ मोड़कर नीचे गिरा दिया। मारपीट में उनके चेहरे पर चोट आई और एक दांत भी टूट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला के साथ हाथापाई करते आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची भट्टाबस्ती थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद साहिल भट्टाबस्ती का निवासी है और इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि वह इलेक्ट्रिशियन का काम करने गया था और गलती से दूसरे घर में घुस गया। उसके अनुसार, बाहर निकलते समय महिला ने उसे चोर कहकर पकड़ लिया और बचने के लिए धक्का देने पर वह गिर गई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है। मामले की जांच जारी है।

You might also like