घर में घुसकर युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी पुलिस हिरासत में
निसं
पिलानी (नवयत्न)। कस्बे के नायकों के मोहल्ले में रविवार देर रात घर में सो रहे एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी भी झड़प में घायल हो गया, जिसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश कुमावत उर्फ सोनू उर्फ माइकल पुत्र मोहनलाल कुमावत के रूप में हुई है। मृतक के भाई मनीष कुमार की रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान राणी शक्ति मंदिर क्षेत्र निवासी सतीश जाट पुत्र प्रताप सिंह मुख्य दरवाजे के ऊपर से कूदकर घर में घुसा और उस कमरे में पहुंच गया, जहां राजेश सो रहा था। आरोपी ने धारदार चाकू से उस पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। वह मुख्य गेट फांदकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाधिकारी अलका बिश्नोई मौके पर पहुंचीं और घायल राजेश व आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में राजेश को झुंझुनू रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सोमवार को बीडीके अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी सतीश जाट के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह चिड़ावा पुलिस उपाधीक्षक गौरव गुर्जर के नेतृत्व में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। एफएसएल टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार आरोपी की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सालय रैफर किया गया है। चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ होने के बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी करीब छह माह पहले घर छोड़कर चली गई थी और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस के अनुसार जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वह बाद में मृतक राजेश के साथ रह रही थी। पुलिस इसी सहित अन्य सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।