नगरपालिका में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर ठेकेदारों की बैठक
विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। नगरपालिका मंडल बिसाऊ के कार्यालय में मंगलवार को पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में नगरपालिका कर्मचारियों तथा सफाई एवं रोशनी व्यवस्था से संबंधित ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और दीपावली के त्योहार को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। नगरपालिका प्रशासन ने संबंधित ठेकेदारों को सफाई कार्य एवं स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। दीपावली के मद्देनजर शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर वार्डों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में वार्डवार स्ट्रीट लाइटों का सर्वे करवाकर बंद पड़ी लाइटों को तुरंत प्रभाव से चालू करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर में रोशनी की समुचित व्यवस्था बनी रहे। इसके साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य नियमित रूप से करने तथा सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगरपालिका प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों एवं ठेकेदारों को निर्देशों की पालना करते हुए निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।