मिठाइयों में इस्तेमाल के लिए मंगवाए 1400 किलो खराब बादाम सीज

निसं
जयपुर (नवयत्न)। खाद्य सुरक्षा टीम ने सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित केशव कोल्ड स्टोरेज में कार्रवाई कर करीब 1400 किलो सड़े-गले और कीड़े लगे बादाम सीज किए। यह स्टॉक दीपावली पर मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली बादाम कटिंग तैयार करने के लिए मंगवाया गया था। खाद्य सुरक्षा टीम ने बादाम का नमूना लेकर शेष स्टॉक जांच रिपोर्ट आने तक सीज कर दिया। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत देर रात यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में बिना लेबल वाले प्लास्टिक के 35 कट्टों में बादाम भरे मिले। रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि यह स्टॉक चांदपोल बाजार स्थित बारह जी की गली की फर्म मैसर्स मित्तल ट्रेडिंग कंपनी ने रखवाया था। टीम ने कट्टे खोलकर जांच की तो बादाम सड़े-गले और खराब मिले। उनमें कीड़े भी लगे हुए थे। रिकॉर्ड के आधार पर फर्म के प्रोपराइटर अनिल कुमार गुप्ता को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नमूना लिया गया और करीब 1400 किलो बादाम सीज कर दिए गए। प्रोपराइटर ने टीम को बताया कि बादाम खुदरा में नहीं बेचे जाते, बल्कि उनकी धुलाई और मशीन से कटिंग करके बादाम कटिंग के रूप में बिक्री की जाती है। यह स्टॉक विशेष रूप से दीपावली पर मिठाइयों में इस्तेमाल के लिए मंगवाया गया था। प्रोपराइटर ने बादाम की कीमत 500 रुपए प्रति किलो बताई। इस हिसाब से सीज किए गए स्टॉक की बताई गई कीमत करीब 7 लाख रुपए है। नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You might also like