थार गाड़ी से 78 ग्राम अफीम बरामद, युवक गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पांचू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोखा रोड पांचू से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 78 ग्राम अफीम बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त रॉक्स जीप थार को भी जब्त किया गया है। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुंदरलाल निवासी पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। आरोपी ने कथित तौर पर अफीम को थार गाड़ी की डीजल टंकी के ढक्कन के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने तलाशी के दौरान अफीम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रामनिवास, कांस्टेबल लीलाराम, सुनील एवं गणेशाराम शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।