जागरूकता रैली निकाली, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के अंतर्गत आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत रविवार को वन विभाग की ओर से जागरूकता रैली एवं पौधरोपण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली स्मृति वन में हुई जहां पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने सतत जीवनशैली अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यशाला में उप वन संरक्षक प्रदीप कुमार ने सभी को सतत जीवन शैली अपनाने की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं और इनके संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। पर्यावरण में हो रहे बदलावों को देखते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझना आवश्यक है। अधिक से अधिक पौधरोपण करने के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण और जल बचत पर विशेष ध्यान देना चाहिए। दैनिक जीवन के छोटे-छोटे प्रयासों से हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। सहायक निदेशक, प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा ने कहा कि हमें अपनी जीवनशैली में ऐसे बदलावों पर विचार करना चाहिए, जिनसे पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सके। इसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। पानी और बिजली की बचत जैसे छोटे प्रयासों को सामूहिक रूप से अपनाकर बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। सीओ स्काउट बसंत लाटा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने होंगे। सामूहिक प्रयासों से ही व्यापक परिवर्तन संभव है। उन्होंने दीपावली के अवसर पर सभी से हरित दिवाली, स्वस्थ दिवाली मनाने तथा पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपनाने की अपील की। इस दौरान साइंटिफिक ऑफिसर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पूनम, एसीएफ सौरभ कुमार, रेंजर सीकर रंजीत खीचड़ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, आमजन एवं शहरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You might also like