भीषण आग ने उजाड़ दी परिवार की दुनिया, 76.83 लाख की संपत्ति जलकर राख

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। क्षेत्र के जांगलू गांव की बेलूनों की बाणी स्थित एक रहवासी ढाणी में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत और जीवनभर की जमा-पूंजी को पलभर में राख कर दिया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते मकान, घरेलू सामान, खाद्यान्न, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। इस अग्निकांड में करीब 76 लाख 83 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। आग लगने की घटना से परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन को नुकसान की विस्तृत जानकारी देते हुए सर्वे करवाकर उचित मुआवजा एवं सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
मकान से लेकर अनाज तक सब कुछ हुआ राख
पीड़ित किशोर सिंह पुत्र मानसिंह ने ग्राम विकास अधिकारी एवं पूर्व सरपंच के माध्यम से प्रशासन को सौंपे नुकसान के विवरण में बताया कि आग से करीब 2 लाख रुपये का मकान पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा घरेलू उपयोग का सामान, जिसमें अलमारी, फ्रिज, पेटी, कूलर, बेड, कपड़े, बर्तन, मेज-कुर्सी, सिलाई मशीन और अन्य घरेलू उपकरण शामिल थे, आग की भेंट चढ़ गए। घर में भंडारण के लिए रखा गेहूं, बाजरा, ज्वार और मोठ सहित करीब 2 लाख रुपये का खाद्यान्न भी जलकर नष्ट हो गया। परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर भविष्य के लिए संजोकर रखी गई संपत्ति तक आग की चपेट में आ गई।
करीब 63 लाख के सोने-चांदी के आभूषण जले
इस अग्निकांड में परिवार को सबसे बड़ा आर्थिक नुकसान सोने-चांदी के आभूषणों के जलने से हुआ। पीड़ित परिवार की ओर से दी गई नुकसान की सूची में सोने के लूंग, टोप्स, झुमर, अंगूठियां, पूणियां, चूड़ियां, बिंदियां, रखड़ी और डोर सहित विभिन्न आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा करीब 78 तोला चांदी की पायजेब तथा अन्य चांदी के आभूषण भी आग में नष्ट हो गए। परिवार के अनुसार इन आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 62.98 लाख रुपये है। वहीं जांगलू गांव में स्थित दुकान में रखी करीब 4 लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
अब प्रशासन की मदद पर टिकी उम्मीदें
आगजनी की इस घटना ने परिवार को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत से तैयार की गई गृहस्थी और भविष्य की जमा-पूंजी खोने के बाद परिवार के सामने दोबारा जीवन शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने ग्राम विकास अधिकारी एवं पूर्व सरपंच सोहन सिंह सहित ग्रामीणों के हस्ताक्षरों के साथ नुकसान का विस्तृत विवरण प्रशासन को सौंपा है। परिवार एवं ग्रामीणों ने उपखंड प्रशासन से जल्द घटनास्थल का मौका मुआयना करवाने, नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने तथा आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र राहत उपलब्ध करवाने की अपील की है, ताकि परिवार इस मुश्किल घड़ी से उबरकर फिर से अपनी गृहस्थी बसा सके। एक परिवार की वर्षों की मेहनत और जीवनभर की कमाई का इस तरह आग में स्वाहा हो जाना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद पीड़ादायक घटना है। अब पीड़ित परिवार की निगाहें प्रशासनिक सहायता और सरकारी राहत पर टिकी है।

You might also like