शिक्षा में नवाचार के साथ संस्कारों का समावेश जरूरी : आचार्यश्री महाश्रमण

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्यश्री महाश्रमण के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म लाभ लिया। इस दौरान मंत्री दिलावर ने आचार्यश्री के साथ शिक्षा व्यवस्था में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री दिलावर ने आचार्यश्री के सान्निध्य में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश पारीक एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष निंबीजोधा नवरतन खीचड़ ने भी शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्र के राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों के साथ आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। मंत्री के जैन विश्व भारती आगमन और आचार्यश्री से हुई मुलाकात को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You might also like