पांच साल से फरार 10 हजार रुपए का इनामी स्मैक सप्लायर गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । मानसरोवर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पांच साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झालावाड़ निवासी रामबाबू तंवर (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे जयपुर से दस्तयाब किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा में गिरफ्तार किया गया। मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामबाबू तंवर निवासी भालता जिला झालावाड़ है। पुलिस अब उससे स्मैक की आपूर्ति के अन्य स्रोतों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी के अनुसार 10 मार्च 2021 को तत्कालीन सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर लक्ष्मी सुथार ने मानसरोवर क्षेत्र में मिराज एजेंसी की बिल्डिंग के सामने शिव वाटिका कॉलोनी, मांग्यावास-चोपड़ा फार्म रोड पर कार्रवाई की थी। इस दौरान विक्रम मेरूठा और विजेन्द्र मेरूठा के कब्जे से 18 ग्राम अवैध स्मैक सहित अन्य सामान बरामद किया गया था। इस संबंध में मानसरोवर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वे स्मैक रामबाबू तंवर निवासी झालावाड़ से खरीदते थे। इसके बाद से ही रामबाबू पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसके मूल निवास गांव लसूड़ियागेंद, तहसील इकलेरा, थाना भालता, जिला झालावाड़ में कई बार तलाश और दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में झालावाड़ जिले के थाना भालता पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखा। तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसके जयपुर आने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।